ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंडी के नौ विद्यार्थियों ने कराटे प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल किया है। इन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन दाड़लाघाट की ओर से नौ कराटे किट और नौ खेल पोशाकें प्रदान की गईं।

इस अवसर पर अम्बुजा सीमेंट प्लांट के मुखिया सुनील कुमार चौधरी, फाउंडेशन के सहायक महाप्रबंधक संजय शर्मा और शिक्षा समन्वयक आरती सोनी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को किट और खेल पोशाकें भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों में मनीष शर्मा, ललित वर्मा, इंद्र सिंह, दिव्या ठाकुर, निवेदिता शर्मा, मीतांजलि शर्मा, चित्ररेखा, जितेंद्र ठाकुर और देवेंद्र शर्मा शामिल हैं। इस दौरान कराटे टीम के प्रबंधक एवं कला अध्यापक देवेंद्र कुमार तथा खेमचंद भी मौजूद रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एलआर ठाकुर और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष टेक चंद शर्मा सहित एसएमसी सदस्यों व खिलाड़ियों के अभिभावकों ने अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि संस्था की ओर से दिया गया यह सहयोग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने में सामाजिक संस्थाओं और औद्योगिक प्रतिष्ठानों का सहयोग महत्वपूर्ण है।



