ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर क्योंथल में मंगलवार को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव एवं सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल (पूर्वाभ्यास) आयोजित की गई। आपदा प्रबंधन प्रभारी एवं इतिहास प्रवक्ता नीम चंद झींगटा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास में विद्यालय की मुखिया उमा तंवर, अध्यापक वर्ग तथा विद्यार्थियों ने भाग लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को आग लगने, भूकंप आने, बाढ़ सहित अन्य आपदाओं के समय सुरक्षित रहने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने, भूकंप के दौरान बचाव के उपाय अपनाने और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी का व्यावहारिक अभ्यास करवाया गया।

इस अवसर पर बाल सुरक्षा, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम तथा सुरक्षित स्पर्श (सेफ टच) के संबंध में जागरूकता व्याख्यान भी आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त प्राथमिक उपचार, आपातकालीन निकासी योजना, सुरक्षा संबंधी संकेतक चिह्नों तथा आपातकालीन संपर्क नंबरों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई।
आपदा प्रबंधन प्रभारी नीम चंद झींगटा ने विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं के दौरान सतर्कता बरतने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और आपातकालीन परिस्थितियों में सूझबूझ से काम लेने के महत्व से अवगत करवाया। विद्यालय की मुखिया उमा तंवर सहित शिक्षक वर्ग ने इस प्रकार के व्यावहारिक अभ्यास को विद्यार्थियों की सुरक्षा और जागरूकता की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
विद्यालय में आयोजित इस मॉक ड्रिल से विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की व्यावहारिक जानकारी मिली। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार करना तथा उनमें आपदा प्रबंधन और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


