ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज-बी.एल. वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में 32वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिवानी शर्मा ने किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक अमर देव एवं शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा ने बताया कि वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मास पीटी की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
उन्होंने बताया कि 9 अक्तूबर को नर्सरी से यूकेजी तक के विद्यार्थियों के लिए किड्स रेस, रिंग रेस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, 10 अक्तूबर को पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर दौड़ सहित विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताएं करवाई गईं। सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बी.एल. स्कूल कुनिहार के विद्यार्थी खेलकूद के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। मेडल प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। पीटीए अध्यक्ष एवं समस्त सदस्यों ने भी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।कार्यक्रम में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य पुरुषोत्तम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, समस्त अध्यापक वर्ग और विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा का संचार किया।


