ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला सोलन इकाई जयनगर की मासिक बैठक बुधवार को जयनगर बाजार में इकाई अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष परिवहन कल्याण मंच एवं हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष बृज लाल ठाकुर तथा भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला सोलन के जिला महामंत्री धनी राम चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों और देय राशियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने हिमाचल सरकार पर पेंशनरों की देय राशियों के भुगतान को लेकर ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2016 से नए वेतनमान लागू हुए पांच वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पेंशनरों की कई देय राशियों का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे पेंशनरों में भारी नाराजगी है।
बैठक में हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा शुरू किए गए जनसंपर्क अभियान का जयनगर इकाई की ओर से भी शुभारंभ करने का ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद पेंशनर पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जयनगर बाजार में आम जनता से संवाद कर पेंशनरों की लंबित मांगों तथा सरकार के समक्ष उठाए जा रहे मुद्दों की जानकारी दी।
इस अवसर पर लच्छी राम, प्रताप सिंह, शीश राम ठाकुर, हरि दास, विद्या सागर, मस्त राम, भगत राम, चैट राम, रत्ती राम, राम लाल (पीडब्ल्यूडी), राम लाल (एचआरटीसी), जगत राम, रमेश चंद, भाग सिंह, शेर सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में पेंशनरों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


