ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत दधोगी के कड़याह गांव में चोरों ने पूर्व पंचायत प्रधान शीला देवी के बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात का पता 30 सितंबर की शाम करीब छह बजे उस समय चला, जब शीला देवी और उनके पति बाबूराम मेहता करीब चार दिन बाद शिमला से अपने घर वापस पहुंचे।

पुलिस ने टूटे हुए ताले, अलमारियों, ट्रंक सहित घर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया और वारदात से जुड़े संभावित साक्ष्यों को जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के भी गुरुवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण करने की संभावना है। इस दौरान संभावित साक्ष्यों की जांच कर चोरों तक पहुंचने के प्रयास किए जाएंगे।

पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों का जल्द पता लगाने तथा चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है। थाना प्रभारी हरिचंद ने परिवार को आश्वस्त किया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और वारदात को अंजाम देने वालों तक पहुंचने के लिए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बाबूराम मेहता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनकी पत्नी शीला देवी 26 सितंबर की शाम करीब पांच बजे घर पर ताला लगाकर शिमला में अपने बेटे-बहू के पास गए थे। 30 सितंबर की शाम करीब छह बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था तथा अलमारियों के ताले और ट्रंक के कुंडे टूटे हुए थे।

उन्होंने इसकी सूचना रिश्तेदारों के माध्यम से अर्की थाना पुलिस को दी तथा ग्राम पंचायत दधोगी के प्रधान भूपेंद्र शर्मा को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अर्की थाना प्रभारी हरिचंद पुलिस टीम के साथ कड़याह गांव पहुंचे और घर का निरीक्षण किया। पंचायत प्रधान भूपेंद्र शर्मा भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान पुलिस व पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहे।

पुलिस की मौजूदगी में परिवार ने घर के कमरों, अलमारियों, ट्रंक व अन्य स्थानों की जांच की और चोरी हुए सामान का विवरण पुलिस को दिया। परिवार के अनुसार चोर सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठियां, झुमके/टॉप्स, चांदी की पायलें सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए हैं। परिवार ने चोरी हुए आभूषणों और नकदी का विवरण पुलिस को मौके पर उपलब्ध करवाया, जिसे पुलिस ने जांच के दौरान दर्ज किया।


