ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जिला सोलन के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सौर में वरिष्ठ सहायक के पद से सेवानिवृत्त हुए सोहन लाल के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। सोहन लाल ने शिक्षा विभाग में करीब चार दशक तक सेवाएं दीं। उन्होंने अपने सेवाकाल की शुरुआत जलवाहक के रूप में की थी और बाद में वरिष्ठ सहायक के पद तक पहुंचे।

समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश गौतम, पूर्व प्रधानाचार्या अमिता कुमारी, सेवानिवृत्त शिक्षा खंड अधिकारी नालागढ़ दाताराम पोसवाल, विद्यालय का स्टाफ, परिवार के सदस्य और क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।
पूर्व प्रधानाचार्या अमिता कुमारी ने सोहन लाल के सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन किया। प्रधानाचार्य नरेश गौतम ने भी उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सोहन लाल का सरल व्यवहार और सेवा के प्रति समर्पण विद्यालय परिवार को हमेशा याद रहेगा।
इस दौरान दाताराम पोसवाल ने सोहन लाल को सेवानिवृत्ति पर बधाई दी और उनके साथ जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं। विद्यालय के स्टाफ सदस्यों सुरेश कुमार, मनोज शर्मा, रमेश कुमार, राजेश शर्मा, सरोज बाला, रजनी देवी सहित अन्य ने भी उनके साथ बिताए समय और सेवाकाल से जुड़े अनुभव साझा किए।
सोहन लाल के संबंधी कृष्ण लाल शर्मा ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। समारोह में उनके भाई मदन लाल शर्मा, पुत्र रविंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से सोहन लाल को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई और उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की गई।


