ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पुराने बस स्टैंड, शिमला स्थित एक होटल से पुलिस ने 6.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज निवासी लखीसराय, बिहार, हाल दक्षिण दिल्ली तथा रोहित पांडे निवासी आरा, बिहार, हाल दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा की जा रही बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच के दौरान नशे के कारोबार से जुड़े 9 आरोपियों और 10 एसोसिएट्स/सहयोगियों से संबंधित 20 संपत्तियां चिन्हित की गई हैं। इनमें प्लॉट, आवासीय भवन, अपार्टमेंट, होम-स्टे के साथ-साथ महिंद्रा थार, हुंडई क्रेटा, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा और टाटा नेक्सन सहित विभिन्न वाहन शामिल हैं।
चिन्हित संपत्तियों और वाहनों की कुल कीमत लगभग 4.13 करोड़ रुपये बताई गई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 15 एनडीपीएस मामलों में 68 आरोपियों एवं एसोसिएट्स की 12.52 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबार की आर्थिक जड़ों पर प्रहार करने के लिए शिमला पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।

