बी.एल. स्कूल कुनिहार के स्काउट्स एवं गाइड्स ने शिव गुफा में किया रोमांचक ट्रैकिंग कैंप।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुनिहार की स्काउट्स एवं गाइड्स इकाई की ओर से सोमवार को शिव गुफा में कब्स एवं बुलबुल्स के लिए रोमांचक एवं आध्यात्मिक ट्रैकिंग कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहस, अनुशासन, टीम भावना, आत्मनिर्भरता तथा प्रकृति के प्रति प्रेम की भावना विकसित करना रहा।


ट्रैकिंग कैंप में विद्यालय के 25 बुलबुल्स एवं 14 कब्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने गाइड कैप्टन पिंकी कुमारी एवं आरती के मार्गदर्शन में ट्रैकिंग पूरी की। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर मार्ग पर बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा की और प्रकृति के मनमोहक दृश्यों का आनंद लिया।
शिव गुफा पहुंचने पर विद्यार्थियों ने भोलेनाथ के दर्शन किए। बच्चों ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तथा वहां आयोजित भंडारे में भी भाग लिया। आध्यात्मिक वातावरण ने ट्रैकिंग कैंप को और भी यादगार बना दिया।


विद्यालय प्रबंधन की ओर से कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए फलों की व्यवस्था भी की गई। बच्चों ने आपसी सहयोग, अनुशासन और उत्साह के साथ पूरी गतिविधि में भाग लिया। ट्रैकिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को शारीरिक सक्रियता के साथ-साथ साहस, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन, आध्यात्मिकता और प्रकृति संरक्षण का महत्व भी समझने का अवसर मिला।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स जैसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करती हैं।
यह ट्रैकिंग कैंप नन्हे कब्स एवं बुलबुल्स के लिए आनंददायक, यादगार और प्रेरणादायक अनुभव रहा।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page