ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा में निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दो वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 32 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सूर्यकांत और अंकित ने सफलता हासिल की। दोनों विद्यार्थियों का चयन खंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

वहीं, निबंध लेखन प्रतियोगिता में लगभग 15 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें सांची और संजना ने विजेता स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता और लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व तथा अपने लोकतांत्रिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की तथा विजेता एवं चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


