ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- नागरिक चिकित्सालय अर्की की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर रोगी कल्याण समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने की, जबकि विधायक संजय अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे। खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने अर्की-कुनिहार व दाड़लाघाट अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी समिति के समक्ष रखी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नागरिक चिकित्सालय अर्की का अपना पोर्टल तैयार किया जाएगा, जिसमें अस्पताल से संबंधित विभिन्न जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा अस्पताल में जल्द ही लॉन्ड्री स्थापित करने पर भी सहमति बनी।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आउटसोर्स आधार पर सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। वहीं, अस्पताल परिसर को सोलर सिस्टम से जोड़ने के लिए हिम ऊर्जा को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी। इसके लिए विधायक संजय अवस्थी अपनी विधायक निधि से 10 लाख रुपये तथा आरकेएस से 10 लाख रुपये उपलब्ध करवाएंगे, जबकि करीब 80 लाख रुपये प्रदेश सरकार से अनुदान के रूप में लेने की योजना है। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में एक माह के भीतर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
ऑक्सीजन प्लांट जल्द शुरू करने पर बनी सहमति
बैठक में लंबे समय से बंद पड़े अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट को जल्द शुरू करने पर भी सहमति बनी। इससे मरीजों को अस्पताल में ही ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
अस्पताल के सामने दो मंजिला पार्किंग बनाने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को 30 अगस्त तक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अस्पताल में अतिरिक्त स्टाफ की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। आउटसोर्स आधार पर अतिरिक्त कर्मचारी, 12 स्वच्छता मल्टी टास्क कर्मियों तथा दो जेओए (आईटी) पदों के लिए सरकार से सिफारिश करने का निर्णय लिया गया।

कुनिहार अस्पताल में तीन चिकित्सकों की होगी नियुक्ति
कुनिहार अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए वहां जल्द ही तीन अतिरिक्त चिकित्सकों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। साथ ही अस्पताल भवन के रखरखाव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
कुनिहार में अस्पताल के लिए नए भवन के निर्माण को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। इसके अलावा अस्पताल में डेंटल चेयर तथा दो कंप्यूटर-प्रिंटर लगाने की अनुमति दी गई।
दाड़लाघाट में सीसीटीवी और चिकित्सकों के लिए आवास पर चर्चा

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दाड़लाघाट में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा चिकित्सकों के लिए आवासीय सुविधा विकसित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में अस्पताल भवन की संपत्ति एवं संस्थागत ढांचे के रखरखाव और सुधार कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य आशा परिहार, नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप, व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनुज गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।



