ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीमा शर्मा और उपाध्यक्ष वीना ठाकुर ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय अर्की के सभागार में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। अर्की के एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी निशांत तोमर ने दोनों पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में अर्की के विधायक संजय अवस्थी, पूर्व विधायक गोविंद शर्मा सहित नगर पंचायत के पार्षद, कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। शपथ के बाद उपस्थित लोगों ने अध्यक्ष सीमा शर्मा और उपाध्यक्ष वीना ठाकुर को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव जुलाई माह में हुआ था। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित सीमा शर्मा और उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित वीना ठाकुर निर्वाचित हुई थीं। दोनों पदों के लिए मतदान में बराबर मत आने के बाद नियमानुसार पर्ची के माध्यम से फैसला हुआ था। पर्ची में सीमा शर्मा के पक्ष में परिणाम आने पर उन्हें अध्यक्ष तथा वीना ठाकुर को उपाध्यक्ष चुना गया था।

शपथ ग्रहण के बाद विधायक संजय अवस्थी ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नगर पंचायत अर्की के विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है। उन्होंने कहा कि अर्की के विकास के लिए उनका पूरा सहयोग और समर्थन रहेगा। नगर पंचायत के सभी प्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित में मिलजुलकर कार्य करें, ताकि शहर के विकास को नई गति मिल सके।

अवस्थी ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। लोगों की समस्याओं का समाधान और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना नई टीम की प्राथमिकता होनी चाहिए। नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा शर्मा और उपाध्यक्ष वीना ठाकुर ने नई जिम्मेदारी के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के विकास और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा। विकास कार्यों में सभी पार्षदों और स्थानीय लोगों का सहयोग लिया जाएगा।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप, संजय ठाकुर, देवकली गौतम, पार्षद रंजना कालिया, देवेंद्र कुमार, प्रदीप शर्मा, अनुज गुप्ता, नगर पंचायत सचिव अभिनव शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

