ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– राज्य स्तरीय जूडो चैंपियनशिप में 30 किलोग्राम भार वर्ग में अर्की के प्लानिया पंचायत के बंगोरा गांव से सम्बन्ध रखने वाली हर्षिता ने द्वितीय स्थान हासिल कर रजत पदक अपने नाम किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लालपानी में पढ़ने वाली छात्रा हर्षिता ने प्रतियोगिता में कुल तीन मुकाबले खेले और फाइनल तक का सफर तय किया। फाइनल मुकाबले में उसे साई की एक बेटी से हार का सामना करना पड़ा और उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

खास बात यह है कि हर्षिता ने जूडो की तैयारी महज 15 दिन पहले शुरू की थी। वह प्रतिदिन अपने पिता हेमराज ठाकुर के साथ अभ्यास करती रही। इतने कम समय में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचना उसकी मेहनत, लगन और प्रतिभा को दर्शाता है। हर्षिता की यह पहली बड़ी खेल उपलब्धि है।
पिता हेमराज ठाकुर ने बताया कि यदि हर्षिता को जूडो के दांव-पेंच का थोड़ा और अनुभव होता तो स्वर्ण पदक हासिल करने की पूरी संभावना थी। हालांकि, इतने कम समय की तैयारी में राज्य स्तर पर फाइनल तक पहुंचना भी परिवार और पूरे गांव के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि प्लानिया पंचायत के गांव से पहली बार किसी बच्चे ने इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर फाइनल तक पहुंचने की उपलब्धि हासिल की है। गांव के बच्चों को यदि सही मार्गदर्शन और खेल सुविधाएं मिलें तो वे भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
हर्षिता की माता का नाम अनामिका ठाकुर है। हर्षिता ने भविष्य में भी जूडो जारी रखते हुए कड़ी मेहनत करने और देश व प्रदेश का नाम रोशन करने का लक्ष्य रखा है।
हर्षिता की इस उपलब्धि से प्लानिया पंचायत और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



