दाड़लाघाट से शिमला तक 50 किलोमीटर की दूरी 8 घंटे में दौड़कर की थी पूरी।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। क्रीड़ा भारती अर्की टोली की सबसे छोटी एवं होनहार सदस्य 10 वर्षीय आस्था ठाकुर ने अपनी अद्भुत शारीरिक क्षमता, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। असाधारण मैराथन प्रदर्शन के लिए आस्था ठाकुर को पुलिस मुख्यालय शिमला में पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी ने विशेष रूप से सम्मानित किया।

आस्था ठाकुर ने हाल ही में दाड़लाघाट से शिमला तक करीब 50 किलोमीटर की कठिन एवं चढ़ाई भरी दूरी को महज 8 घंटे में दौड़कर पूरा किया था। इसके अलावा उन्होंने दाड़लाघाट से कुनिहार तक करीब 35 किलोमीटर का सफर 5 घंटे 15 मिनट में दौड़कर अपनी असाधारण सहनशक्ति का परिचय दिया।
सम्मान समारोह के दौरान DGP अशोक तिवारी ने नन्ही आस्था के जुनून, अनुशासन और लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन गर्व की बात है और आस्था की उपलब्धि प्रदेश के अन्य बच्चों एवं युवाओं को खेल तथा फिटनेस के प्रति प्रेरित करेगी।

आस्था की इस उपलब्धि पर क्रीड़ा भारती परिवार और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आस्था द्वारा तय की गई लंबी दूरी को भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया गया।
इस अवसर पर आस्था के पिता सुनील ठाकुर, छोटी बहन तन्वी ठाकुर तथा आस्था के कोच एवं क्रीड़ा भारती मंडल के उपाध्यक्ष चेतन ठाकुर मौजूद रहे।




