ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – विरासत संगठन अर्की की मासिक बैठक अर्की में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्ष मयूराक्षी सिंह ने की।

इस दौरान संगठन की आगामी योजनाओं, विकास कार्यों तथा समाज, संस्कृति और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संस्था के बैंक होल्डर्स के नामों में आवश्यक परिवर्तन करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि महिलाओं को सम्मानजनक आय अर्जित करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास, प्रशिक्षण तथा स्थानीय रोजगार से जोड़ने वाली योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक में स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अर्की में शीघ्र ‘विलेज रूटेड सॉवेनियर शॉप’ शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। इस पहल के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, महिलाओं और युवाओं को अपने उत्पादों के विपणन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण देने और पर्यटन को बढ़ावा देने में भी यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक में संगठन ने समाज, संस्कृति और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर मयूराक्षी सिंह, रंजना कालिया, उषा ठाकुर, ज्योति शर्मा, पुष्पा कौशल, ममता वर्मा और भारती राणा सहित संगठन की सदस्याएं उपस्थित रहीं।




