अंबुजा फाउंडेशन ने विभिन्न स्किल कोर्सों की दी जानकारी, डिग्री के साथ प्रशिक्षण लेने का अवसर।
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में शुक्रवार को आईटीआई अंबुजा फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं कौशल विकास विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें रोजगारोन्मुखी बनाना था।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्विंग मशीन ऑपरेटर, टैली ट्रेनी, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, फूड एंड बेवरेज, सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग तथा इंग्लिश स्पीकिंग सहित विभिन्न कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि वर्तमान में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए फूड एंड बेवरेज तथा टैली कोर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अपनी नियमित स्नातक (डिग्री) की पढ़ाई के साथ-साथ इन कौशल-आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी भाग ले सकते हैं। इससे उनके संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगार प्राप्त करने की संभावनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

यह कार्यक्रम राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में आयोजित किया गया। सेल के प्रभारी डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित करना और उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के साथ-साथ पासआउट विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।



