खुले में सिगरेट बेचने वालों पर कार्रवाई, 20 हजार रुपये के चालान।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- नशा मुक्ति अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग अर्की और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने शिमला-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित शालाघाट बाजार में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के चालान काटे गए।

संयुक्त टीम ने शालाघाट सहित आसपास के बाजार क्षेत्र की सभी दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खुले में सिगरेट बेचने, तंबाकू उत्पादों के नियमों का पालन न करने तथा निर्धारित चेतावनी संबंधी प्रावधानों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के तहत खंड स्तरीय टीम ने स्कूलों के आसपास स्थित दुकानों की भी जांच की और दुकानदारों को कोटपा अधिनियम के नियमों की जानकारी दी।। अधिकारियों ने विशेष रूप से नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद न बेचने तथा खुले में सिगरेट की बिक्री बंद करने के निर्देश दिए।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्त रस्तोगी ने बताया कि तंबाकू नियंत्रण नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जा रहा है और खुले में सिगरेट बेचने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता के साथ-साथ नियमों का सख्ती से पालन भी आवश्यक है।



