ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत घनागुघाट में ग्राम सभा का आयोजन नवनिर्वाचित प्रधान आशा ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया, जिससे कोरम पूरा हो गया। बैठक के दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर पेयजल, सड़क, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव खुले तौर पर रखे, जिन पर जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

प्रधान आशा ठाकुर ने उपस्थित सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की मजबूत नींव है और लोगों की भागीदारी से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।

उपप्रधान हरीश कुमार ने कहा कि बैठक में लोगों की अच्छी उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण अपने क्षेत्र के विकास के प्रति जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत आगे भी पारदर्शिता और जनसहभागिता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाती रहेगी।
बैठक में पंचायत के वार्ड सदस्य गीता, नंदलाल, धनीराम, चंपा, दीपिका और भूपेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने विभिन्न वार्डों से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों पर अपने सुझाव रखे।
अंत में ग्राम पंचायत की ओर से बैठक को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामीणों, वार्ड सदस्यों, पंचायत कर्मचारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों का धन्यवाद किया गया। साथ ही भविष्य में भी इसी प्रकार जनसहभागिता बनाए रखने की अपील की गई।


