अर्की क्षेत्र में बाहरी किन्नरों के हस्तक्षेप का आरोप, पूनम महंत ने प्रशासन से की जांच व कार्रवाई की मांग

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। अर्की क्षेत्र की किन्नर समाज की प्रतिनिधि पूनम महंत ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि पंजाब के धर्मपुर, कुराली और रोपड़ क्षेत्र से कुछ किन्नर अर्की तथा कुनिहार क्षेत्र में आकर उनके पारंपरिक कार्यक्षेत्र में हस्तक्षेप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर भ्रम और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।


पूनम महंत ने कहा कि अर्की तहसील लंबे समय से उनका कार्यक्षेत्र रहा है, जहां वे सामाजिक परंपराओं के अनुसार लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर अपनी सेवाएं देती रही हैं। उन्होंने कहा कि कुनिहार भी तहसील अर्की का अभिन्न हिस्सा है, इसलिए बाहरी लोगों द्वारा यहां अधिकार जताना उचित नहीं है।


उन्होंने बताया कि वर्षों से वे क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करती रही हैं। जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग देने के अलावा आपदा के समय प्रभावित परिवारों और असहाय लोगों की भी उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार मदद की है। उनका कहना था कि उन्होंने कभी भी लोगों पर अधिक नेग देने का दबाव नहीं बनाया और हमेशा सम्मानजनक व्यवहार को प्राथमिकता दी है।


प्रेस वार्ता के दौरान पूनम महंत ने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी समूह के कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। उन्होंने प्रशासन और केंद्रीय जांच एजेंसियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। हालांकि, उन्होंने जो दावे किए, उनकी किसी आधिकारिक एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं हुई है।
पूनम महंत ने कहा कि यदि उनके अथवा उनके चेलों के साथ भविष्य में कोई अप्रिय घटना या दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page