सड़कें ग्रामीण विकास की आधारभूत संरचना : संजय अवस्थी

सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में सुनीं जनसमस्याएं, 67 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया शुभारंभ।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सन्याड़ी मोड़ में मंगलवार को प्रदेश सरकार के ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे के लिए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


इससे पूर्व विधायक संजय अवस्थी ने 47 लाख रुपये की लागत से लीली फार्म से पन्सोड़ा तक एम्बुलेंस मार्ग के मैटलिंग एवं टायरिंग कार्य का भूमि पूजन किया। इसके उपरांत उन्होंने 20 लाख रुपये की लागत से पन्सोड़ा से चाम्बा तक बनने वाले एम्बुलेंस मार्ग की आधारशिला रखी। इन दोनों विकास कार्यों पर कुल 67 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।


इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास की आधारभूत संरचना हैं तथा इन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक बेहतर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मजबूत अधोसंरचना तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अच्छी सड़कें न केवल ग्रामीण विकास को गति देती हैं, बल्कि किसानों और बागवानों के उत्पादों को समय पर मंडियों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार ने गाय और भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि के साथ-साथ प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की, गेहूं, हल्दी और अदरक के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी की है, जिससे किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि हो रही है।


विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि छेता मार्ग के लिए 13.44 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं तथा शीघ्र ही सड़क निर्माण और साथ लगती कूहल की मरम्मत का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने पन्सोड़ा गांव तक 100 मीटर सड़क निर्माण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवगांव में सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।


उन्होंने सन्याड़ी मोड़ पंचायत भवन में सभागार निर्माण का मामला उच्च स्तर पर उठाने, सन्याड़ी मोड़ में सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए तीन लाख रुपये तथा खाला-मंगरुड में खेल मैदान के विकास के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि जठोत सड़क मार्ग की गिफ्ट डीड (कागजी औपचारिकताएं) पूरी होते ही इसके निर्माण के लिए लगभग 22 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।


कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सन्याड़ी मोड़ के प्रधान हीरा सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत नवगांव की प्रधान तनु गौतम, पंचायत समिति सदस्य उमा शर्मा, मंदिर समिति के प्रधान हीरामणि शर्मा, बाघल लैंड लूजर ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, कृषि उपज विपणन समिति सोलन के निदेशक धर्मपाल, नरेश अवस्थी, नरेन्द्र कौंडल, सुरेन्द्र कौंडल, दलीप कुमार, पुलिस उप-अधीक्षक दाड़लाघाट नवीन झालटा, खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, प्रदेश विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता बेलीराम कश्यप, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेमलाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page