ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़- पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन की वर्चुअल बैठक सोमवार को संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सरकार एवं पुलिस विभाग द्वारा पुलिस पेंशनरों के मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए जिला सोलन को 22 लाख रुपये का बजट उपलब्ध करवाने पर आभार व्यक्त किया गया।

धनीराम तनवर ने बताया कि वर्ष 2025 में मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए 40 लाख रुपये का बजट मांगा गया था, जबकि केवल 4 लाख रुपये ही प्राप्त हुए थे। वहीं वर्ष 2026 में 30 लाख रुपये की मांग के विरुद्ध 22 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद पुलिस पेंशनरों के लगभग 20 लाख रुपये के मेडिकल बिल अभी भी लंबित पड़े हुए हैं।

एसोसिएशन ने पुलिस मुख्यालय एवं प्रदेश सरकार से मांग की कि लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए शीघ्र अतिरिक्त बजट जारी किया जाए, ताकि सभी पेंशनरों को उनके बकाया बिलों का भुगतान समय पर मिल सके। बैठक में यह मांग भी उठाई गई कि लंबित 15 प्रतिशत डीए का भुगतान भी जल्द किया जाए।
बैठक में ओपीएस और यूपीएस को लेकर भी चर्चा की गई। एसोसिएशन ने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए पुरानी पेंशन योजना को जारी रखा जाना चाहिए। इस संबंध में कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर द्वारा व्यक्त विचारों का भी समर्थन किया गया।

बैठक में नेकी राम, पुष्पा सुद, दीपराम ठाकुर, सतपाल शर्मा, श्यामलाल ठाकुर, निर्मल ठाकुर, श्यामलाल भाटिया, जसवीर सिंह, नागेंद्र ठाकुर, रतिराम शर्मा, वेदपाल, ओम प्रकाश, इंदर सिंह, प्रेम कंवर, वेद ठाकुर, चमन लाल, नित्य तनवर, दिलाराम, संतराम चंदेल, पतराम सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





