ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जिला स्तरीय बाड़ीधार मेले के दौरान ग्राम पंचायत सरयांज के निवासी एवं स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महेश गुप्ता (मुन्ना) पर एक युवक द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है और स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मेले के दौरान हुए इस हमले में महेश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल अर्की लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में वहां उपचाराधीन हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मेलों में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले कुछ असामाजिक तत्वों के कारण क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित होता है। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व वर्षों में बाड़ीधार मेले के दौरान सरयांज चौक पर पुलिस जवान तैनात रहते थे, लेकिन इस बार ऐसी व्यवस्था देखने को नहीं मिली। लोगों का आरोप है कि घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने में भी पुलिस की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
घटना के विरोध में कुछ समय के लिए गुस्साए लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए यातायात भी बाधित किया।

बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और न ही मीडिया को कोई औपचारिक बयान जारी किया गया है। ऐसे में घटना से संबंधित कई तथ्य अभी स्पष्ट होना बाकी हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।


