ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन एवं बचाव संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रभारी यश पाल वर्मा ने की।
इस दौरान विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को भूकंप, आगजनी तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं के समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों और बचाव उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। मॉक ड्रिल के तहत आपदा की काल्पनिक स्थिति तैयार कर विद्यार्थियों को सुरक्षित निकासी, निर्धारित एकत्रीकरण स्थल तक पहुंचने, प्राथमिक उपचार प्रदान करने तथा आपातकालीन सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

विद्यालय प्रभारी यश पाल वर्मा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्राप्त जानकारी और प्रशिक्षण को अपने परिवार तथा समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त अध्यापकगण, स्काउट एवं गाइड इकाई तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा के समय स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया गया और विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन एवं उत्साह के साथ इसमें सहभागिता निभाई।




