ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- जयनगर कॉलेज को बंद करने संबंधी अधिसूचना रद्द होने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इसी क्रम में बीती शाम जयनगर क्षेत्र के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अर्की विधायक संजय अवस्थी से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने कहा कि जयनगर कॉलेज को जारी रखने का निर्णय क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों के हित में है। कॉलेज के संचालित रहने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने घर के निकट उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता रहेगा तथा उन्हें दूर-दराज के शिक्षण संस्थानों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक संजय अवस्थी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही चिंता का समाधान हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी क्षेत्र के शैक्षणिक और विकासात्मक कार्यों को इसी प्रकार प्राथमिकता दी जाएगी।

इस अवसर पर अर्की कांग्रेस के अध्यक्ष सतीश ठाकुर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत पट्टा के उपप्रधान मनोज चंदेल, ग्राम पंचायत लग की प्रधान शकुंतला देवी, उपप्रधान अनिल चौधरी, ग्राम पंचायत जयनगर की प्रधान निशा देवी, पूर्व प्रधान राजेंद्र शर्मा, डॉ. मोहित ठाकुर, अमरनाथ, वार्ड सदस्य विद्या देवी, नरेश ठाकुर, हरिराम, रीता देवी तथा महिला मंडल अध्यक्ष शांति ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




