97 वर्ष की उम्र में भी समाज सेवा का जज्बा बरकरार, झिकला हटवास से उपप्रधान पद के लिए मैदान में उतरे परसराम कामरेड

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- नगरोटा बगवां विकास खंड की झिकला हटवास पंचायत में इस बार उपप्रधान पद का चुनाव एक खास वजह से चर्चा में बना हुआ है। 97 वर्षीय परसराम कामरेड उम्र के इस पड़ाव में भी पूरे उत्साह और मजबूत इरादों के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। उनकी सोच, ऊर्जा और समाज सेवा की भावना युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।


बढ़ती उम्र के कारण भले ही शरीर थोड़ा कमजोर दिखाई देता हो, लेकिन समाज के प्रति उनका समर्पण आज भी पहले जैसा ही मजबूत है। परसराम का कहना है कि गांव और समाज को नशे जैसी बुराइयों से बचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रही है, जिसे रोकने के उद्देश्य से उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला लिया।


खास बात यह है कि 97 वर्ष की आयु में भी परसराम बिना चश्मे के अखबार पढ़ लेते हैं, लोगों की बातें स्पष्ट रूप से सुनते हैं और अपनी दिनचर्या स्वयं संभालते हैं। उन्हें अंग्रेजी भाषा की भी अच्छी समझ है। ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर वे कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को खुद पत्र लिखकर समाधान की मांग भी करते रहे हैं।


परसराम भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जनता उन्हें जीत दिलाती है तो पंचायत में नशा निवारण अभियान को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा गांवों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
क्षेत्र के लोगों का मानना है कि इस उम्र में भी परसराम का आत्मविश्वास और समाज के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page