कुनिहार को हराकर टीचर्स इलेवन बनी बैक टू बैक चैंपियन, चमन बने मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की के अंतर्गत राहु गांव में आयोजित यंग स्टार प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन हैप्पी और गोलू द्वारा करवाया गया, जिसमें क्षेत्र की जानी-मानी 32 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला तथा दर्शकों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर मुकाबलों का आनंद लिया।


टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला टीचर्स इलेवन और कुनिहार टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर कुनिहार टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीचर्स इलेवन की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 7 विकेट खोकर 117 रन बनाए। टीम की ओर से राकेश ने शानदार 31 रन, हैप्पी ने 25 रन तथा राजीव ने 24 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। कुनिहार की ओर से गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन टीचर्स इलेवन के बल्लेबाजों ने संयमित खेल दिखाते हुए सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।


118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुनिहार टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। शुरुआती पांच ओवरों में टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए लगभग 70 रन बना डाले और मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। हालांकि इसके बाद टीचर्स इलेवन के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। सधी हुई गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के दम पर कुनिहार की टीम निर्धारित 12 ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 92 रन ही बना सकी। इस तरह टीचर्स इलेवन ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर बैक टू बैक चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में टीचर्स इलेवन के चमन शर्मा ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए मैच में अहम भूमिका निभाई, जिसके चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए चमन शर्मा को ही मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से भी नवाजा गया।


प्रतियोगिता में कुनिहार टीम के मनीष को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, कुनिहार के सन्नी को बेस्ट विकेटकीपर, टीचर्स इलेवन के रविंद्र कंवर को बेस्ट फील्डर तथा टीचर्स इलेवन के चमन शर्मा को बेस्ट बॉलर चुना गया।
समापन समारोह में समाजसेवी आशा परिहार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम टीचर्स इलेवन को ट्रॉफी सहित 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि तथा उपविजेता कुनिहार टीम को ट्रॉफी सहित 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। इस अवसर पर आयोजकों, खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खुशी व्यक्त की।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page