ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – पुलिस थाना परवाणू की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपी को छुड़ाने का प्रयास कर रहे तीन अन्य लोगों को भी मौके पर ही काबू किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 मार्च को कामली पुल के समीप गश्त व यातायात जांच के दौरान टिपरा की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 9.28 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अक्षय कुमार (21) निवासी जिला मंडी के रूप में हुई है।

इसी दौरान मौके पर पहुंचे दो महिलाओं और एक पुरुष ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालते हुए आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को भी मौके पर ही काबू कर लिया। इनकी पहचान परवाणू क्षेत्र के रहने वाले व्यक्तियों के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और पुलिस रिमांड लेकर मामले की गहन जांच की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह नशा कहां से लाया गया था और किन-किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी।



