भूमती में धूमधाम से मनाया दशहरा उत्सव, अतिथियों ने दिया सत्य की राह पर चलने और संस्कृति-संस्कारों को संजोने का संदेश

दोपहर के कार्यक्रम में सेवानिवृत्त राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता रहे मुख्यातिथि, सायंकालीन कार्यक्रम में कामेश्वर वर्मा ने की शिरकत।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत भूमती में दशहरा उत्सव समिति की ओर से दशहरा उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव के दौरान दोपहर और सायंकालीन कार्यक्रमों में मुख्य अतिथियों ने शिरकत की। इस अवसर पर अतिथियों ने लोगों को सत्य, धर्म, अच्छे संस्कारों और सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व से अवगत करवाया।

दोपहर के कार्यक्रम में सेवानिवृत्त राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने, मेहनत करने और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में हमेशा सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए, क्योंकि अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है। उन्होंने आयोजन समिति और स्कूली बच्चों को अपनी ओर से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

वहीं, सायंकालीन कार्यक्रम में कामेश्वर वर्मा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पारंपरिक मेलों और त्योहारों को संजोकर रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि ये हमारी समृद्ध संस्कृति, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दशहरा उत्सव समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन के लिए 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।

दशहरा उत्सव समिति ने दोनों मुख्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी गणमान्य व्यक्तियों, पंचायतवासियों, युवाओं और अन्य सहयोगियों का धन्यवाद किया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page