ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की मुख्यालय के तीन विद्यालयों को मिलाकर बने शहीद कैप्टन विजयंत थापर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में 1 अप्रैल 2026 से बाल वाटिका से कक्षा जमा दो तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। यह प्रक्रिया 10 अप्रैल तक जारी रहेगी। प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत इस वर्ष से विद्यालय में बाल वाटिका से लेकर जमा दो तक की पढ़ाई सीबीएसई के अंतर्गत एक ही छत के नीचे करवाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और सभी कक्षाओं में छात्र व छात्राओं दोनों को प्रवेश प्रदान किया जाएगा। कक्षा बालवाटिका से जमा दो तक 40 विद्यार्थियों का एक सेक्शन निर्धारित किया गया है, जबकि छठी कक्षा से जमा दो तक विद्यालय को दो और तीन सेक्शन आवंटित किए गए हैं। प्रवेश प्रक्रिया ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी। साथ ही बालवाटिका से कक्षा आठवीं तक शिक्षा निशुल्क रहेगी।

विद्यालय के बारे में जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य ने बताया कि उप-नगर अर्की में इस विद्यालय का प्रदर्शन प्रतिवर्ष उत्कृष्ट रहा है। वर्तमान में विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल पुस्तकालय, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, हर्बल गार्डन, टिंकरिंग व रोबोटिक लैब, आधुनिक व्यावसायिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर शिक्षा तथा बेहतरीन खेल मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में विद्यालय ने खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हाल ही में विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा आयोजित संयुक्त बैठक में सभी स्टाफ सदस्यों के साथ प्रवेश प्रक्रिया को लेकर चर्चा की गई और तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया गया।

प्रधानाचार्य ने अर्की तथा आसपास के गांवों के अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते विद्यालय में आकर अपने बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें कम लागत में गुणवत्तापूर्ण और उच्च स्तरीय शिक्षा का लाभ मिल सके।


