ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जहां प्रदेश के विभिन्न शक्ति स्थलों पर भक्तों की भीड़ उमड़ रही है, वहीं कुठाड़ उपतहसील के अंतर्गत स्थित माँ चंडी मंदिर में भी हर रोज सैकड़ों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंच रहे हैं। अपनी कुलदेवी के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए दूर-दूर से भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं।

वैसे तो माँ चंडी मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन नवरात्र के दौरान यहां भक्तों की संख्या में विशेष बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है।

मंदिर पुजारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि नवरात्र का दूसरा दिन माँ ब्रह्मचारिणी को समर्पित होता है। उन्होंने कहा कि माँ ब्रह्मचारिणी अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं, जिसके चलते श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ मंदिर पहुंच रहे हैं।
मंदिर समिति की ओर से भी नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



