ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बथालंग स्थित हिमालयन बैंक्वेट हॉल में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ढाबा संचालकों, कर्मियों तथा स्थानीय निकायों से जुड़े लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। इसमें डॉ. नवम धीमान तथा डॉ. विजय कुमार शांडिल (एचआईवी काउंसलर सिविल अस्पताल अर्की) मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम में 45 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
डॉ. विजय कुमार शांडिल ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों जैसे तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना, मोबाइल का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग तथा यातायात नियमों की अनदेखी पर जानकारी दी। उन्होंने सड़क किनारे कार्य करने वाले लोगों की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया।

डॉ. नवम धीमान ने दुर्घटना के समय प्राथमिक उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने रक्तस्राव रोकने, घायल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा एंबुलेंस सेवा को तुरंत सूचित करने जैसी जरूरी बातों की जानकारी दी। साथ ही नशे के दुष्प्रभाव और सुरक्षित व्यवहार अपनाने की आवश्यकता बताई।
प्रतिभागियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक नियमों के पालन और नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर हिमालयन बैंक्वेट हॉल के मालिक महेश शर्मा का सहयोग के लिए धन्यवाद किया गया।



