ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : राजकीय प्राथमिक पाठशाला काकड़ा में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक अध्यक्ष नीलम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में हाल ही में प्राप्त सम्मान को लेकर खुशी व्यक्त की गई। सदस्यों ने पाठशाला की एसएमसी को जिला स्तर पर सम्मान मिलने तथा अभिभावक दीपा शर्मा को शिक्षा खण्ड धुन्दन से “बेस्ट मातृ शक्ति अवार्ड” मिलने पर बधाई देते हुए इसे पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय प्रबंधन समिति, विद्यालय के शिक्षक, अभिभावकों और ग्राम समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सभी सदस्यों ने भविष्य में भी विद्यालय के विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सोलन के कला केंद्र कोठों स्थित जिला भाषा अधिकारी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में काकड़ा पाठशाला की एसएमसी को उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिलाधीश सोलन मनमोहन शर्मा द्वारा प्रदान किया गया। इसी समारोह में शिक्षा खंड धुंदन की दीपा शर्मा को “बेस्ट मातृ शक्ति अवार्ड” से भी सम्मानित किया गया।

बैठक में एसएमसी अध्यक्ष नीलम शर्मा, सदस्य सत्या देवी, प्रीति, नीलम, शकुंतला देवी, दीपा शर्मा, चम्पा देवी, अनुराधा, सीमा तथा मुख्याध्यापक श्याम लाल गौतम उपस्थित रहे।





