ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल मुख्यालय स्थित पीएमश्री राजकीय केंद्र प्राथमिक विद्यालय अर्की में चौथी कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी व अध्यापक संतोष ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम केंद्राध्यक्ष महेश गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को आनंदमय बना दिया और अपने वरिष्ठ साथियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान युगल को मिस्टर फेयरवेल तथा धृति को मिस फेयरवेल चुना गया।

इस अवसर पर केंद्राध्यक्ष महेश गर्ग ने पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा और अनुभव उनके भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे तथा वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें।

इस मौके पर एसएमसी अध्यक्ष हिमा ठाकुर, अध्यापक संतोष ठाकुर, संगीता शर्मा, गायत्री शर्मा, सुनीता, नीलम गुप्ता, सुमन, पवित्रा सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



