ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज: नया सवेरा जन कल्याण समिति अर्की को शिक्षा खंड अर्की में सर्वोत्तम गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) घोषित किया गया है। समिति को 13 मार्च 2026 को सोलन में आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता भीम सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा सोलन द्वारा जारी पत्र के माध्यम से इस संबंध में सूचना प्राप्त हुई है।

उन्होंने बताया कि समिति पिछले लगभग आठ वर्षों से क्षेत्र में युवाओं को खेलकूद गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने, नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न जनजागरूकता शिविर आयोजित करने का कार्य कर रही है। खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में समिति का विशेष योगदान रहा है।

अधिवक्ता भीम सिंह ठाकुर ने इस उपलब्धि पर सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इसे समिति तथा पूरे अर्की क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया और भविष्य में भी समाजहित के कार्यों को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।




