जयनगर के पंजल स्कूल में किशोर स्वास्थ्य दिवस आयोजित

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजंल (जयनगर) में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी के निर्देशानुसार किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सतीश कुमार ने की। इस अवसर पर छठी से आठवीं कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए किशोरावस्था, पोषण, गैर संचारी रोग, लिंग आधारित हिंसा, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, नशा निवारण तथा नौवीं से बारहवीं कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।


किशोर स्वास्थ्य काउंसलर सुरक्षा परमार ने किशोरों के समग्र विकास और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विद्यार्थियों को प्रदान कीं। उन्होंने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के छह प्रमुख घटकों – पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, गैर संचारी रोग, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, नशा निवारण और लिंग आधारित हिंसा – पर विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों से संतुलित आहार लेने, मोबाइल का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करने, मादक पदार्थों से दूर रहने, जंक फूड और फास्ट फूड से बचने, तनाव प्रबंधन अपनाने, समय का सदुपयोग करने तथा ओवरथिंकिंग से बचने की अपील की गई।


काउंसलर ने नागरिक चिकित्सालय अर्की के नई दिशा केंद्र में उपलब्ध काउंसलिंग सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किशोर-किशोरियों के मानसिक एवं भावनात्मक कल्याण, सामाजिक और शैक्षणिक विकास को मजबूत करने के लिए गोपनीय परामर्श सेवाएं उपलब्ध हैं। यहां तनाव, चिंता और उच्च जोखिम व्यवहार को कम करने के साथ-साथ सकारात्मक वातावरण निर्माण पर भी मार्गदर्शन दिया जाता है


प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान आरबीएसके टीम (डॉ. दीपिका, एएनएम प्रतिभा, फार्मासिस्ट गौरव) द्वारा विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। आशा कार्यकर्ता वंदना ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में 138 विद्यार्थियों सहित विद्यालय के सभी अध्यापक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने की बात कही।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page