ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल, मंज्याट में बहुप्रतीक्षित स्टूडेंट लीड कॉन्फ्रेंस 2026 का सफल आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम विद्यालय की गतिविधि-आधारित और अनुभवात्मक शिक्षण पद्धति के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा और समझ को अभिव्यक्त करने का अवसर दिया गया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों ने स्वयं मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई और पाठ्यक्रम से जुड़े विषयों को नाटकों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रत्येक कक्षा ने अपने शैक्षणिक विषय से संबंधित एक थीम पर प्रस्तुति दी, जिससे कक्षा में पढ़ाए गए विषयों को व्यवहारिक रूप में दर्शाया गया।

विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, स्पष्ट अभिव्यक्ति और टीम भावना सराहनीय रही। कार्यक्रम में लगभग 120 अभिभावकों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने संवाद, अभिनय और संदेशों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों ने सराहा।
कक्षा-वार प्रस्तुतियों के अतिरिक्त विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
अभिभावकों ने शिक्षकों की मेहनत और समर्पण की सराहना की तथा विद्यालय की शिक्षण पद्धति पर संतोष व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन प्राचार्या कुसुम गुप्ता के संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने अभिभावकों की उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया, शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और विद्यार्थियों को आत्मविश्वास एवं अनुशासन के साथ निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्टूडेंट लीड कॉन्फ्रेंस विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और संप्रेषण कौशल को बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल रही।




