ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत सनयाड़ी मोड़ के गांव पनसोड़ा में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विधायक संजय अवस्थी द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और अनेक विकास कार्यों की घोषणाएं की गईं।

विधायक ने ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने को प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि कृषि, बागवानी और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ गांव-गांव तक सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दुग्ध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में की गई वृद्धि से उत्पादकों को सीधा लाभ मिला है तथा वर्ष 2026-27 के बजट में इसमें और वृद्धि की संभावना है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणाएं कीं। उन्होंने नालसू नाला से जावल संपर्क मार्ग के निर्माण हेतु 16.50 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की जानकारी दी। लिली फार्म से पनसोड़ा होते हुए चाम्बा गांव तक मार्ग निर्माण के लिए 27 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की, जबकि इस मार्ग के लिए पूर्व में 19 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। चाम्बा गांव के संपर्क मार्ग के निर्माण हेतु 20 लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई।

इसके अतिरिक्त पनसोड़ा, चाम्बा और कुंकुनू गांव में मोक्षधाम निर्माण के लिए एक-एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की गई। गांव छामला चलेरनी में पेयजल टैंक के निर्माण के लिए 6.80 लाख रुपये स्वीकृत करने की बात कही गई। जठोथ संपर्क मार्ग के लिए आकलन अनुसार धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया।
विधायक ने कोठी गांव में वोल्टेज समस्या के समाधान हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। महिला मंडल पनसोड़ा, छामला, जठोथ और चाम्बा को 21-21 हजार रुपये देने की घोषणा की गई। महिला मंडल पनसोड़ा के भवन निर्माण के लिए भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण होने पर प्रथम चरण में 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। युवक मंडल पनसोड़ा को 11 हजार रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की गई।

कार्यक्रम में समाजसेवी नरेंद्र कौंडल ने आयोजन समिति की ओर से स्वागत भाषण दिया और स्थानीय मांगों को सशक्त रूप से विधायक के समक्ष रखा। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, पेयजल और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया।

इस अवसर पर अम्बुजा-दाड़ला-कशलोग-मांगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी से नरेश अवस्थी, संजय ठाकुर, कपिल ठाकुर, शकुंतला शर्मा, कृष्ण देव शर्मा, हीरामणि शर्मा, मनसा राम, हेतराम, कांग्रेस सेवादल अर्की के अध्यक्ष जयप्रकाश, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता बलीराम कश्यप, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेमलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह, युवक मंडल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






