ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय अर्की में हिमाचल शिक्षा समिति के प्रांत अध्यक्ष मोहन केटा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अध्यापन कार्य तथा भवन निर्माण की प्रगति का अवलोकन किया।

निरीक्षण की शुरुआत कक्षा-कक्षों के भ्रमण से की गई, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। इसके बाद निर्माणाधीन विद्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर अभिभावक प्रबंध समिति और आचार्यों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को मजबूत करने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और आगामी सत्र में नामांकन बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अनुशासन, संस्कार आधारित शिक्षा और गुणवत्ता सुधार पर विशेष बल दिया गया। साथ ही अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

मोहन केटा ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार निर्माण का माध्यम है। उन्होंने आचार्यों से विद्यार्थियों के नैतिक, बौद्धिक और शारीरिक विकास पर समान रूप से ध्यान देने का आग्रह किया।
बैठक में जिला संगठन हिमाचल समिति के अध्यक्ष मस्तराम, जिला संगठन के उपाध्यक्ष रामचंद्र शास्त्री, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सोनू सोनी और सचिव नीलम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और वंदे मातरम् के साथ हुआ।




