राहु में भीम सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न, पलोग टीम बनी चैंपियन

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत रोहांज-जलाना के राहु गांव स्थित भीम सिंह मेमोरियल खेल मैदान में आयोजित पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हो गया। लगभग एक माह तक चली इस प्रतियोगिता में करीब 50 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजक समिति के सदस्य  जोगेंद्र सिंह कौशल ने बताया कि फाइनल मुकाबला पलोग और देवनगर टीम के बीच खेला गया। 12-12 ओवर के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए देवनगर ने 12 ओवर में 82 रन बनाए और पलोग के सामने 83 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में पलोग टीम ने 9.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और विजेता बनी, जबकि देवनगर टीम उपविजेता रही। कौशल ने बताया कि प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब देवनगर टीम के हितेश को मिला। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार भी देवनगर के योगी कश्यप के नाम रहा। फाइनल मुकाबले में पलोग टीम के कमल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।


समापन समारोह में राहु गांव के समाजसेवी राम लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीम को 51,000 रुपये और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 31,000 रुपये और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने अपनी ओर से आयोजन समिति को 2,100 रुपये की सहयोग राशि भी भेंट की।
अपने संबोधन में राम लाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास तथा आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं गांव की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मंच प्रदान करती हैं।
समापन अवसर पर गांव के युवा, बुजुर्ग और महिला शक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page