कश्लोग में “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम में विधायक संजय अवस्थी ने सुनीं समस्याएं, कई मांगों को मिली मंजूरी

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कशलोग में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न मांगों पर मौके पर ही चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।


इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने जनसमस्याओं के निराकरण के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।


उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, प्राकृतिक खेती से जुड़े उत्पादों को बढ़ावा तथा बागवानी क्षेत्र में नई नीति लाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बागवानी नीति लागू होने से रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
विधायक ने वित्तीय स्थिति पर भी चर्चा करते हुए कहा कि राजस्व संग्रह बढ़ाने और आर्थिक सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
की गई घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत कशलोग के लिए 25 सोलर लाइट, राजकीय उच्च पाठशाला कशलोग में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण हेतु 10 लाख रुपए, शेरवाला व चाखडु गांव में सामुदायिक भवन की छत निर्माण के लिए 3 लाख रुपए देने की घोषणा की।


इसके अतिरिक्त कशलोग गांव के मोक्षधाम में शैड के जीर्णोद्धार के लिए 3 लाख रुपए तथा भोवनाली से क्यारटु गांव तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 1 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। महिला मंडल कशलोग, नेवड़ी व स्वार कनैता को सामान क्रय के लिए 21-21 हजार रुपए तथा युवक मंडल कशलोग व शेरवाला को 21-21 हजार रुपए देने की भी घोषणा की गई।


कार्यक्रम में अम्बुजा-दाड़ला-कशलोग-मांगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, उपप्रधान जयसिंह ठाकुर, बाघल लैंड लूजर समिति के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सी.डी. बंसल, गुरदासू राम, मनोज गौतम, गंगा राम, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, उपमंडलीय वन अधिकारी कुनिहार राज कुमार, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता बेलीराम कश्यप, महिला मंडल कशलोग व नेवड़ी के सदस्य, युवक मंडल कशलोग व शेरवाला के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page