समाजसेवी कंवर इंद्र सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत सहरोल के गांव कल्याणपुर के वरिष्ठ समाजसेवी कंवर इंद्र सिंह का निधन हो गया। उनके निधन से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।


कंवर इंद्र सिंह का जन्म 5 दिसंबर 1949 में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अर्की से प्राप्त की। इसके उपरांत उनका चयन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में हुआ, जहां उन्होंने 32 वर्षों तक हवलदार के पद पर रहते हुए लेह-लद्दाख, किन्नौर, चंडीगढ़ और श्रीनगर सहित विभिन्न दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दीं। देश की सीमाओं की रक्षा में उनका योगदान सराहनीय रहा।


सेवानिवृत्ति के बाद भी कंवर इंद्र सिंह सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और जरूरतमंदों की सहायता के लिए वे सदैव तत्पर रहते थे। विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से उन्होंने लोगों की निस्वार्थ सेवा की।

उनके निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। स्थानीय विधायक संजय अवस्थी, राजेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह कंवर, संजीव, नरेश सिंह, कृष्ण सिंह कंवर, बीके. शर्मा, परसराम और बाबूराम शर्मा सहित अनेक लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
परिजनों के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी अंतिम विदाई दी।
कंवर इंद्र सिंह का सरल, मिलनसार और सेवाभावी व्यक्तित्व सदैव लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगा। उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page