ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– ज़िला रोज़गार अधिकारी कार्यालय सोलन द्वारा जारी संशोधित जानकारी के अनुसार 06 फरवरी 2026 को कुल 313 पदों की भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी जगदीश कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि इस कैंपस इंटरव्यू में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा भर्तियां की जाएंगी। इनमें वीनस रेमेडीज लिमिटेड बद्दी में पेंटर, हेल्पर व एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के 25 पद, विंसम टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज बद्दी में हेल्पर, डोफर, वाइंडर, फीटर व इलेक्ट्रिशियन के 115 पद, ईस्टमैन ऑटो एंड पावर लिमिटेड नालागढ़ में आईटीआई व नॉन-आईटीआई के 150 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त क्लब महिंद्रा कण्डाघाट में 07 पद, ऑपरेटिव इंजीनियर ट्रेनी के 05 पद तथा जीवन आयुर्वेदा धर्मपुर में 11 पदों के लिए भी इंटरव्यू होंगे।

इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएट, आईटीआई (सभी ट्रेड), फिटर, इलेक्ट्रिशियन, बी.फार्मा, बी.ए.एम.एस. आदि निर्धारित है। आयु सीमा 20 से 38 वर्ष रखी गई है।
ज़िला रोज़गार अधिकारी ने बताया कि सभी योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल ईईएमआईएस पर कैंडिडेट लॉगइन के माध्यम से पंजीकरण कर अधिसूचित रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पूर्व उम्मीदवार का नाम रोज़गार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।

इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता से संबंधित सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ 06 फरवरी 2026 को प्रातः 10:30 बजे ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन से संपर्क कर सकते हैं।



