कुनिहार में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की उठी मांग, विकास सभा के प्रधान धनीराम तनवर ने एसपी सोलन से किया आग्रह

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- कुनिहार में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या को लेकर कुनिहार विकास सभा ने आवाज बुलंद की है।  विकास सभा के प्रधान धनीराम तनवर सहित भाग मल तनवर, बाबूराम तनवर, नरेंद्र ठाकुर, जगदीश ठाकुर, संत राम, ओम प्रकाश ठाकुर, सनी राघव, बलबीर चौधरी, क्षान ठाकुर, दीप राम ठाकुर, प्रेम कंवर, देवीराम महैता, मोहन सिंह चौधरी, अनिल वर्मा, राजेश तनवर, दिनेश तनवर, क्षान गर्ग सहित अन्य सदस्यों ने संयुक्त बयान जारी कर पुलिस अधीक्षक सोलन से कुनिहार में स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की है।


विकास सभा के प्रधान धनीराम तनवर ने बताया कि कुनिहार एक बड़ा व्यापारिक केंद्र है, जहां से कुल्लू-मनाली, शिमला, नालागढ़, रोपड़ और सोलन की ओर प्रतिदिन हजारों वाहन आवाजाही करते हैं। मुख्य सड़क पर अत्यधिक ट्रैफिक के कारण आम लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। खासकर स्कूली बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक दबाव को देखते हुए कुनिहार शहर में कम से कम एक हवलदार और चार कांस्टेबलों की तैनाती बेहद जरूरी है। जब कुनिहार में पुलिस चौकी थी, तब ट्रैफिक स्टाफ की मौजूदगी से यातायात पूरी तरह नियंत्रित रहता था, लेकिन थाना बनने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं रह गया है। मुख्य सड़क पर पहले की तरह पीली लाइन भी नहीं लगाई गई है।


धनीराम तनवर ने बताया कि शाम के समय पुराने बस स्टैंड के पास भारी जाम लग जाता है, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। विकास सभा ने मांग की है कि अस्पताल के पास और जहां पहले पुरानी चौकी थी, वहां ट्रैफिक प्वाइंट पर दो कांस्टेबल तैनात किए जाएं। साथ ही पुराने बस स्टैंड पर बनी चेक पोस्ट पर हर समय नजर रखी जाए, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
विकास सभा ने प्रशासन से मांग की है कि यदि थाना में स्टाफ की कमी है तो अलग से ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और आम लोगों को राहत मिल सके।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page