ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत संघोई में नेहरू युवक मंडल मलावन, महिला मंडल मलावन तथा समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से गांव मलावन में गणतंत्र दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में गांव के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गांव के वरिष्ठ नागरिक सेनूराम, नेहरू युवक मंडल के प्रधान पुनीत बंसल, मुख्य सचिव भगत सिंह कौशल, महिला मंडल मलावन की प्रधान गुरमीत कौर सहित नेहरू युवक मंडल, महिला मंडल के पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तथा राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके उपरांत देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम स्थल पर देशप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

नेहरू युवक मंडल मलावन एवं महिला मंडल मलावन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और देशभक्ति की भावना को सशक्त करने वाला रहा। कार्यक्रम की सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की और ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।


