ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत दावटी के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर दाती (शिवनगर) में विरासत संगठन की फाउंडर एवं राजपरिवार की पुत्रवधू मयूराक्षी सिंह व उनकी टीम द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान टीम ने विद्यार्थियों व स्कूल स्टाफ को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया तथा विद्यालय में “सतर्क टीम” के गठन और उसके प्रभावी संचालन की जानकारी दी।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अनिता ठाकुर ने बताया कि इस पहल से बच्चों और शिक्षकों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्कूल परिवार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में पूरा सहयोग करेगा।

इस अवसर पर मयूराक्षी सिंह व उनकी टीम ने स्कूल की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक कंप्यूटर भी भेंट किया। प्रधानाचार्या ने बताया कि पहले कंप्यूटर में तकनीकी खराबी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी, लेकिन अब नए कंप्यूटर से बच्चों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में विरासत संगठन की सदस्यों रंजना कालिया, कविता झलदियाल, नीलम शर्मा, ममता वर्मा, निशा सूद, ज्योति शर्मा, उषा ठाकुर, भारती राणा ,पुष्पा कौशल और ईशा ठाकुर ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या, स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने मयूराक्षी सिंह व उनकी टीम का आभार जताते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक जागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल बताया।


