ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट 2025-26 (राज्य स्तर) में शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर विद्यालय का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दमदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।

बैडमिंटन अंडर-17 बॉयज (डबल्स) वर्ग में चिराग ठाकुर और कृष्णा आदित्य की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं, कुणाल ने बॉक्सिंग अंडर-17 बॉयज (एकल) वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। टेबल टेनिस अंडर-14 बॉयज (एकल) में शाश्वत ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता।

वॉलीबॉल अंडर-19 गर्ल्स टीम दृष्टि, यामिनी, मानसी, भूमिका और आकांक्षा ने उत्कृष्ट समन्वय और खेल भावना का परिचय देते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल अंडर-17 गर्ल्स टीम ओजस्वी, दिव्यान्शी, जानवी, प्रिया, हिमांशी और वंशिका ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।

इसी क्रम में बास्केटबॉल अंडर-14 गर्ल्स टीम की खिलाड़ी सोनाक्षी, ऋजुल, सोनाली, श्रीणिका और वर्णिका ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय लौटने पर खिलाड़ियों का तिलक व पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि उनकी उपलब्धियाँ मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम हैं। उन्होंने प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की भी सराहना की।

इस अवसर पर मुकेश सक्सेना, अध्यक्ष एल.एम.सी., सी.सी.एम.ओ. (नॉर्थ) ए.सी.एल., ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षा अध्यापक अनिल गुप्ता, शीतल वर्मा और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।

