ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत बड़ोग के गांव तनसेटा के सबसे उम्रदराज व्यक्ति 102 वर्षीय निक्कू राम का आज देहांत हो गया। निक्कू राम एक सरल स्वभाव और सम्मानित व्यक्तित्व के धनी थे। खेती-बाड़ी के सहारे उन्होंने अपने परिवार का पालन-पोषण किया और पूरे जीवन में मेहनत, सादगी और ईमानदारी की मिसाल बने रहे।

उनकी उम्र के साथ-साथ उनके अनुभवों का खज़ाना भी क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणास्रोत था। उन्होंने रियासतकाल के दौर से लेकर अंग्रेजी शासन तक का समय देखा था। समाज में उनका बहुत मान-सम्मान था और गांव के लोग उन्हें एक मार्गदर्शक के रूप में देखते थे।

निक्कू राम के परिवार में सात पुत्र और दो पुत्रियां हैं, सभी बेटे सरकारी सेवाओं से सेवानिवृत्त हैं। उनकी धर्मपत्नी लगभग 96 वर्ष की हैं। निक्कू राम के निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके देहांत से जहां समूचे क्षेत्र में शोक की लहर है वहीं एक युग का अंत भी हो गया।
उनका अंतिम संस्कार आज पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा।


