ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे डॉ. भीमराव अंबेडकर महा सम्मान महासंपर्क अभियान के अंतर्गत पार्टी की वरिष्ठ नेत्री आशा परिहार ने वार्ड नंबर 2 में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान और भाजपा द्वारा उनके सम्मान में किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

आशा परिहार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समय-समय पर डॉ. अंबेडकर को याद करती है और उनके विचारों को समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करती है। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा ने अंबेडकर जी को केवल संविधान निर्माता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके सामाजिक और आर्थिक दृष्टिकोण को भी प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर के साथ न्याय नहीं किया और उनके विचारों को दबाने का प्रयास किया। जबकि भाजपा सरकार ने उनके स्मारकों के निर्माण से लेकर उनकी विचारधारा के प्रचार-प्रसार तक कई ठोस कदम उठाए हैं।

स्थानीय लोगों ने भी अभियान का स्वागत किया और डॉ. अंबेडकर के योगदान को समझने की दिशा में इसे एक सराहनीय पहल बताया।


