
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-दाड़लाघाट,सोलन जिले के बागा पुलिस थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ हुआ है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने अवतार सिंह पुत्र गंदर्भ सिंह निवासी गांव कंधर के खेत से 381 अफीम के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा और मौके पर पहुंचकर अफीम के पौधों को उखाड़कर गिना।

एसपी सोलन गौरव सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि अवतार सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज गिरफ्तार कर लिया है। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि अवतार सिंह को माननीय न्यायालय में पेश कर 3 दिनों का पुलिस रिमांड मिला है।जांच में पता चला है कि अवतार सिंह के खिलाफ पुलिस थाना दाड़लाघाट में मारपीट का एक मामला दर्ज है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और अवैध अफीम की खेती के पीछे के नेटवर्क को खंगालने का प्रयास कर रही है।







