हिमाचल में बढ़ती गुंडागर्दी पर महेंद्र ठाकुर ने जताई चिंता, सीमाओं पर निगरानी की मांग

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की शांति व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से मांग की है कि प्रदेश की सीमाओं पर बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियों की सख्ती से जांच की जाए और उनमें आने वाले व्यक्तियों की पहचान दर्ज की जाए।

उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय से देखा गया है कि कुछ बाहरी लोग हिमाचल में आकर लड़ाई-झगड़े, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में हथियारों की बरामदगी भी हो चुकी है, जो प्रदेश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

महेंद्र ठाकुर ने कहा कि हिमाचल एक शांतिप्रिय प्रदेश है, जहां देशभर से लोग सैर-सपाटे के लिए आते हैं। लेकिन कुछ लोग इस शांत प्रदेश में अराजकता फैलाने की नीयत से प्रवेश करते हैं। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि प्रदेश की सीमाओं पर ऐसे वाहनों की जांच हो, इनकी पहचान दर्ज हो और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाए, ताकि किसी भी अनहोनी से पहले ही कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश में हाल ही में बढ़ती हिंसक घटनाएं चिंता का विषय हैं और यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि जल्द से जल्द सीमावर्ती क्षेत्रों पर स्थायी जांच चौकियां स्थापित कर बाहरी तत्वों पर नियंत्रण किया जाए।

महेंद्र ठाकुर ने स्पष्ट किया कि वह पर्यटन का विरोध नहीं कर रहे, लेकिन जो लोग हिमाचल की शांति भंग करने के इरादे से आते हैं, उनके लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि हिमाचल की अमन-चैन और संस्कृति सुरक्षित रह सके।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page