ग्राम पंचायत भूमती में किसानों को प्राकृतिक खेती और कीट प्रबंधन की दी जानकारी

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज :- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत भूमती में कृषि विज्ञान केंद्र कंडाघाट के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अनुराग शर्मा (कीट वैज्ञानिक) और डॉ. मीरा ठाकुर (मृदा वैज्ञानिक) ने किसानों को प्राकृतिक खेती, कीट प्रबंधन और मिट्टी की गुणवत्ता को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

डॉ. अनुराग शर्मा ने किसानों को खेतों में कीट-पतंगों से बचाव के उपाय, जैविक कीटनाशकों के उपयोग और प्राकृतिक तरीकों से फसल सुरक्षा के बारे में बताया। उन्होंने किसानों को रासायनिक कीटनाशकों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नीम आधारित उत्पादों और जैविक तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।

डॉ. मीरा ठाकुर ने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जैविक खाद के उपयोग और जल संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को बताया कि मृदा परीक्षण कराकर सही उर्वरकों का चयन करना आवश्यक है, जिससे फसलों की पैदावार में वृद्धि होगी और भूमि की उपजाऊ शक्ति बनी रहेगी।

इस अवसर पर किसानों को करेला, भिंडी, काली तोरी और घीया के बीज वितरित किए गए, ताकि वे प्राकृतिक खेती को अपनाते हुए उच्च गुणवत्ता वाली फसल प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान योगेश गौतम, उपप्रधान गोपाल लाल, सिलाई अध्यापिका कान्ता शर्मा, समाजसेवी लेखराम शर्मा सहित कई किसान उपस्थित रहे। सभी ने कृषि विज्ञान केंद्र कंडाघाट के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page